Page

Pages

शनिवार, 5 सितंबर 2020

मछलीशहर के पूर्व सपा सांसद सीएन सिंह का निधन, ललई यादव ने शोक व्यक्त किया

 


जौनपुर।  जिले के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सपा सांसद चंद्रनाथ सिंह उर्फ सीएन सिंह(65) का शुक्रवार की देर रात निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।


निधन की खबर पर पूर्व मंत्री शाहगंज विधायक शैलेन्द्र यादव ललई शोक जताते हुए कहा पूर्वांचल के मजबूत स्तंभ, मछलीशहर के पूर्व सांसद श्री सी एन सिंह जी के निधन से आहत हूँ। उनके जाने से मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है। श्री सीएन सिंह जी ने सदैव कार्यकर्ताओं का सम्मान किया उनका जीवन सादगी भरा एवं मृदुभाषी रहा। इस मुश्किल समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। वही जौनपुर और प्रतापगढ़ के सपा कार्यकर्ताओं में शोक छा गया है। 


प्रतापगढ़ जिले के सीमावर्ती क्षेत्र भदेसरा पृथ्वीगंज के निवासी सीएन सिंह ने वर्ष 1999 में जीत दर्ज कर पहली बार मछलीशहर सीट पर समाजवादी परचम लहराया था। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा के दिग्गज और रामजन्मभूमि आंदोलन के नेता रामविलास वेदांती को शिकस्त दी थी।


तब प्रतापगढ़ का पट्टी और वीरापुर विधानसभा क्षेत्र मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र में ही शामिल था। सपा मुखिया मुलायम सिंह के करीबियों में गिने जाने वाले सीएन सिंह प्रतापगढ़ सदर सीट से 1996 में विधायक भी रहे। पूर्व सांसद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।


उनके एक पुत्र प्रशांत सिंह उर्फ राजा भैया और पुत्री पूर्णिमा सिंह है। पत्नी उषा सिंह राजनिति में भी दखल रखती हैं। पुत्र प्रशांत सिंह ने बताया कि दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें