गमछा बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
जौनपुर।पांच वर्षीय मासूम इलियास की हत्या के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी शकील अहमद को मीरगंज पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद जब उसे हत्या में प्रयुक्त गमछे की बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया, तो वहां चौंकाने वाला घटनाक्रम देखने को मिला।ग्राम सेमराहो के समीप बासुही नदी किनारे पहुंचने पर आरोपी शकील अहमद ने अचानक मौका पाकर पास खड़े उपनिरीक्षक शमीम खां की कमर से पिस्टल छीन ली और थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल सहित टीम पर फायरिंग कर दी। पिस्टल लहराते हुए वह भागने लगा।
थानाध्यक्ष ने तत्काल सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया और तत्काल सीएचसी मछलीशहर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। घटना के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
- नाम: शकील अहमद
- पिता का नाम: शब्बीर अली
- निवासी: ग्राम जगदीशपुर मुजहना, थाना मीरगंज, जनपद जौनपुर
- अपराध संख्या: मु.अ.सं. 82/25, धारा 103(1) BNS, थाना मीरगंज
गिरफ्तारी व मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम:
- विनोद कुमार अंचल, थानाध्यक्ष, मीरगंज
- उपनिरीक्षक निखिलेश तिवारी, चौकी प्रभारी, जंघई
- उपनिरीक्षक शमीम खां, मीरगंज
- हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार यादव
- हेड कांस्टेबल संदीप पाल
- हेड कांस्टेबल तारकेश्वर यादव
- कांस्टेबल रघुराज सिंह
- कांस्टेबल अरविंद सिंह
थाना मीरगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक कदम से एक सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें