Page

Pages

शनिवार, 21 मार्च 2026

ईद की खुशियों से झूम उठा जौनपुर, नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद

 

जौनपुर।जिले भर में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अकीदतमंदों ने सुबह अलग-अलग समय पर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी तथा एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

सुरक्षा के मद्देनजर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारी नमाज के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते नजर आए। इस दौरान गरीबों और यतीमखानों में सेवइयों के साथ अन्य उपहार भी वितरित किए गए।

शहर में कड़ी सुरक्षा के बीच सुन्नी समुदाय ने शाही ईदगाह में नमाज अदा की, जबकि शिया समुदाय ने सदर इमामबाड़े में सादगी के साथ ईद की नमाज पढ़ी। शाही ईदगाह में मौलाना फैसल कमर साहब, बड़ी मस्जिद में मौलाना अनस तथा मदीना मस्जिद में अहमद रजा ने नमाज अदा कराई।

ईद के अवसर पर मुस्लिम घरों में शीर-खुरमा और सेवइयों की खुशबू बिखरी रही। लोग नए कपड़े पहनकर, इत्र लगाकर नमाज के बाद अपने रिश्तेदारों और परिचितों से मिलते-जुलते रहे। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और दिनभर घरों में तरह-तरह के पकवानों का दौर चलता रहा।

मौलाना ने नमाज के बाद देश की अमन-शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआ कराई। इस मौके पर शाही ईदगाह परिसर में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और धार्मिक लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी।

इस अवसर पर सांसद बाबू सिंह, पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव, पूर्व विधायक अरशद खान, सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व विधायक नदीम जावेद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें