अंडरपास की मांग को लेकर सालखपुर में ग्रामीणों का प्रदर्शन, रेलवे कार्य रोकने की चेतावनी
जौनपुर। जनपद के सालखपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में चल रहे रेलवे निर्माण कार्य के विरोध में रविवार को ग्रामीणों और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एकत्र होकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि “जब तक अंडरपास नहीं, तब तक रेलवे का काम नहीं।” प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो रेलवे का कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि रेलवे लाइन के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग करने के बावजूद अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे पूर्व में सांसद और जिलाधिकारी से मिल चुके हैं। इसके अलावा डीआरएम लखनऊ को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन मामला फाइलों में दबकर रह गया और धरातल पर कोई कार्य नहीं दिखा। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन और रेलवे विभाग की अनदेखी से मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “जन-जन की यही पुकार, अंडरपास जरूरी है” तथा “सालखपुर की यही पुकार, अंडरपास जरूरी है” जैसे नारे लगाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक अंडरपास निर्माण की घोषणा और कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्गों के साथ क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे।

