राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर रहा एबीवीपी : प्रो. महेंद्र त्रिपाठी
जौनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा जनपद के डायट सभागार में सदर तहसील अभ्यास वर्ग का आयोजन उत्साह एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजन में नमन एवं एकांश ने अहम भूमिका निभाई।
अभ्यास वर्ग में प्रांत प्रवासी के रूप में प्रांत अध्यक्ष प्रो. महेंद्र त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रांत संयोजक शानू सिंह, विभाग प्रमुख डॉ. मनोज पाण्डेय, तहसील प्रमुख बलवंत सिंह, नगर प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी, जिला संयोजक शिवम तथा तहसील संयोजक हर्षवर्धन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में कुल छह सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, परिसर कार्य, छात्र नेतृत्व एवं सदस्यता अभियान जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रांत अध्यक्ष प्रो. महेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और छात्रहित के लिए कार्य करने वाला एक सशक्त वैचारिक मंच है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में सकारात्मक नेतृत्व देने का आह्वान किया।
विभाग प्रमुख डॉ. मनोज पाण्डेय ने परिषद की विभिन्न गतिविधियों एवं संगठनात्मक आयामों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रांत संयोजक शानू सिंह ने प्रभावी छात्र नेतृत्व, वक्तृत्व कला एवं छात्र समस्याओं को मजबूती से उठाने के संबंध में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। नगर प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
समापन सत्र में वक्ताओं ने कहा कि अभ्यास वर्ग युवाओं में अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता, वैचारिक स्पष्टता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में सचिन, हर्षिता, हर्ष, प्रिंस, प्रखर, वीर, साधना, श्वेत, सांची, गौरव, युगांग, अनुज, लक्की, आजाद, शुभम, विजय निषाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

