सड़क हादसे में छात्र की हुई मौत, बिजली के खम्भे से टकरायी थी बाइक
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_641.html
बीएससी की परीक्षा देकर के लौट रहा था इकलौता बेटा
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में बीएससी के छात्र की मौत हो गई। मंगरी गांव निवासी यह छात्र परीक्षा देकर घर लौट रहा था। इस घटना से परिवार और गांव में शोक फैल गया है।जानकारी के अनुसार मंगरी गांव निवासी लगभग 24 वर्षीय आदर्श उपाध्याय पुत्र आनंद उपाध्याय प्रयागराज की एक स्कूल में बीएससी की परीक्षा देकर पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे जहां निगोह मियांचक सड़क के हंसिया गांव में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इस दुर्घटना में आदर्श के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया।
मृतक आदर्श अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता आनंद गांव के कोटेदार हैं। आदर्श की एक बहन भी है। बेटे की असामयिक मृत्यु से माता-पिता गहरे सदमे में हैं। इस दु:खद घटना से मंगरी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

