17 अगस्त तक तिरंगे के रंग में रंगेगा जौनपुर, 14 को निकलेगी तिरंगा यात्रा
‘हर घर तिरंगा अभियान’ को लेकर डीएम ने कसी कमर, 09 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के विविध आयोजन
जौनपुर। आजादी के पर्व को राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी के उत्सव में बदलने के लिए जौनपुर में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। 09 से 17 अगस्त तक जिलेभर में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता से कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा महज सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, माई भारत वालेंटियर्स, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
09 से 15 अगस्त तक विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यार्थियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, ‘वंदे मातरम्’ सहित देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। कार्यक्रमों की फोटो खींचकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
10 से 15 अगस्त तक रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, चौराहों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित सजावट और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। वहीं 11 से 15 अगस्त तक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों व शिक्षण संस्थानों में तिरंगा प्रदर्शनी लगाकर स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
अभियान का प्रमुख आकर्षण 14 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से होने वाली तिरंगा यात्रा होगी। इसमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी कर्मचारी, पुलिसकर्मी, सशस्त्र बलों के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स और माई भारत वालेंटियर्स समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। यात्रा में बाइक रैली भी होगी।
यात्रा के दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कराया जाएगा। डीएम ने यातायात, सुरक्षा, पेयजल, सूक्ष्म जलपान, साउंड, बैंड और पर्याप्त संख्या में तिरंगे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जाएगी।
14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट का भी आयोजन होगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और उनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। देशभक्ति गीत, तिरंगा गान, ‘वंदे मातरम्’ तथा स्कूली और पुलिस बैंड की प्रस्तुतियां कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाएंगी।
इसी दिन भारत विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से विभाजन के दौरान हुई घटनाओं और उससे जुड़ी स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के हर घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा और प्रत्येक परिवार को इससे जोड़ने का प्रयास होगा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। तिरंगा निर्धारित नियमों और सम्मान के साथ ही फहराया जाए और अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज का अपमान न होने पाए।
09 से 17 अगस्त तक ‘तिरंगा सेल्फी’ गतिविधि भी चलेगी। नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेने और ‘वंदे मातरम्’ गायन के वीडियो को www.harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किए जाएंगे। विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को भी इसमें भाग लेने के लिए जागरूक किया जाएगा।
डीएम ने सभी गतिविधियों की फोटो-वीडियोग्राफी कराकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने तथा जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का समय से निर्वहन करें और आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और राष्ट्रीय एकता, अखंडता व देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।

