Page

▼

Pages

▼

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

वाहन चालक देश की सुचारू व्यवस्था की रीढ़, सरकार कर रही शोषण : राजेन्द्र पाल गौतम

 बक्शा में वाहन चालक कल्याण सम्मेलन, कांग्रेस ने ड्राइवरों के बीमा, सुरक्षा और सम्मान के लिए कानून बनाने का किया वादा

जौनपुर। वाहन चालक, मजदूर और किसान देश की अर्थव्यवस्था एवं व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके खून-पसीने की मेहनत से ही देश की तमाम व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती हैं, लेकिन आज इन्हीं वर्गों का शोषण किया जा रहा है। यह बातें गुरुवार को बक्शा में वाहन चालक कल्याण समिति द्वारा आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कही।


उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था से लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, लोगों को सुरक्षित घर तक छोड़ने और घरों तक राशन, भोजन व दवाइयां पहुंचाने में वाहन चालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आम आदमी आंख मूंदकर ड्राइवरों पर भरोसा करता है, लेकिन दुर्भाग्य है कि उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए सरकार गंभीर नहीं है।


राजेन्द्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस द्वारा सड़कों पर वाहन चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ड्राइवरों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं बनाई जाएंगी। उनके बीमा, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए उचित कानून भी बनाया जाएगा।


कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी ने कहा कि वाहन चालक देश की तमाम व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में अहम योगदान देते हैं, लेकिन मोदी सरकार ने हिट एंड रन कानून बनाकर ड्राइवरों के प्रति अपना रवैया स्पष्ट कर दिया है। सरकार को उनके हितों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।


इस दौरान वाहन चालक कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र यादव ने राजेन्द्र पाल गौतम को चालकों की समस्याओं से संबंधित दस सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को आए दिन पुलिस उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। कई बार सड़क दुर्घटनाओं में बिना गलती के भी चालकों को दंडित किया जाता है।


विशिष्ट अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ड्राइवरों, मजदूरों, किसानों, कामगारों, बुनकरों और आम आदमी के हितों की लड़ाई लड़ रही है।


सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में वाहन चालक शामिल हुए। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान, संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, शिव मिश्रा, संदीप कपूर, आरती गौरव सिंह, बृजेश यादव, मनोज कुमार सिंह, अभीराम यादव, विनय तिवारी, इरशाद खान राजू, डॉ. अनित सिंह, रमाशंकर यादव, अनिल सोनकर, लाल प्रकाश पाल, संजय माली, जब्बार अली सलमानी, विजय कुमार प्रजापति, आजम जैदी, ओमकार यादव, विजय बहुगुणा यादव, इकबाल हुसैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें