मृत्युञ्जय महादेव धाम में होगी महिला सुंदरकांड गायन प्रतियोगिता, महाशिवरात्रि पर होगा समापन एवं पुरस्कार वितरण

 

जौनपुर। मृत्युञ्जय महादेव धाम, उमरछा में महिला सुंदरकांड गायन प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर आज एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा सुंदरकांड गायन की परंपरा को प्रोत्साहित करना है।


बैठक की अध्यक्षता सुधाकर शुक्ल ने की तथा संचालन विकास शुक्ल ने किया। इस अवसर पर धाम के व्यवस्थापक एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष, जौनपुर सुशील कुमार उपाध्याय ने प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 6 नवंबर 2026 को प्रदोष तिथि से किया जाएगा। प्रत्येक प्रदोष पर एक महिला मंडली को सुंदरकांड गायन का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का समापन महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य समारोह के साथ होगा, जिसमें परिणाम घोषित करने के साथ विजेता टीमों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में सुंदरकांड का गायन केवल महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जबकि वाद्य यंत्रों के वादन में पुरुष एवं महिलाएं दोनों भाग ले सकेंगे। गायन में किसी भी प्रकार की पुरुष सहभागिता पाए जाने पर संबंधित टीम को प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। प्रतियोगिता में श्रीरामचरितमानस के मूल सुंदरकांड का संपूर्ण पाठ निर्धारित नियमों के अनुसार प्रस्तुत करना होगा।


प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए अनुभवी एवं निष्पक्ष निर्णायक मंडल गठित किया जाएगा। निर्णायकों के मूल्यांकन के साथ दर्शकों को भी अपनी पसंदीदा टीम को अंक देने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को विशेष सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागी टीमों को भी स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


सुशील कुमार उपाध्याय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, भक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है। धाम की स्थापना के समय भी सुंदरकांड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसका समापन महाशिवरात्रि पर भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार महिला मंडलियों को विशेष रूप से अवसर प्रदान किया जा रहा है।


बैठक में कपिल मिश्र, कैलाश शुक्ल, हीरामणि उपाध्याय, अरविंद शुक्ल, विनोद शुक्ल, सरोज उपाध्याय, ज्योति शुक्ल, तृप्ति, पूनम, शिवानी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 8123356962399876908

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item