भारतीय खेत मजदूर यूनियन ने 23 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
https://www.shirazehind.com/2014/10/23.html?m=0
जौनपुर। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन की जनपद शाखा ने राष्ट्रव्यापी आंदोलन के आह्वान पर 23 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया और अन्त में राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुये वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में जो सरकारें आयी हैं, गरीब खेत मजदूरों को छलने का ही काम किया है। आजादी के इतने साल बाद भी गरीब खेत मजदूरों की हालत बेहाल है। अभी तक खेत मजदूरों के लिये कोई केन्द्रीय कानून नहीं बनाया जा सका है। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान का ढिंढेारा पीटा जा रहा है लेकिन आज भी गरीब घरों की महिलाएं खुले आसमान के नीचे शौच करने को विवश हैं। योजना आयोग ने देश के गरीबों के साथ मजाक करके एक वक्त का भोजन 16 रूपये तय किया है जिससे मेहनतकश का पेट नहीं भर सकता है। अन्त में अपनी 23 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को सौंपा गया। धरनासभा की अध्यक्षता अध्यक्ष सुबाष चन्द्र गौतम व संचालन जिला मंत्री जगन्नाथ शास्त्री ने किया। इस अवसर पर सत्य नारायण पटेल, ऊदल यादव, विजय राजभर, कृष्ण नारायण तिवारी, राजेन्द्र गौतम, राजाराम, सोमारू यादव, कुसुम राजभर, चमेला, रामजी मल्लाह, उषा देवी, फूलचन्द, कैलाशनाथ जायसवाल, डा. बसंत लाल यादव आदि उपस्थित रहे।
