
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के पान दरीबा मोहल्ले में सोमवार को लाल पैशन प्रो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर भाजपा नेता के मुनीम से 25 लाख रूपया लूट लिया। इस घटना से जहां पीडि़त परेशान है, वहीं पूरे जिले में तहलका मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहगंज नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल शाहगंज में ही स्थित पूर्वांचल फ्लोर मिल प्राइवेट लिमिटेड के मालिक हैं। बताया गया कि उनके मुनीम राजेन्द्र प्रसाद सोमवार को भादी पान दरीबा में स्थित एचडीएफसी बैंक से 25 लाख रूपये निकालकर जैसे ही बाहर निकले कि तभी एक मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर दिया। जब तक मुनीम कुछ समझते, बदमाश असलहे से आतंकित करके रूपये लूट लिये और आराम से फरार हो गये। घटना के बाद भुक्तभोगी ने अपने मालिक ओम प्रकाश जायसवाल को सूचना दिया जिन्होंने पुलिस को अवगत कराया। इस पर थाना पुलिस के अलावा क्षेत्राधिकारी सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गये। साथ ही जनपद के नवागत आरक्षी अधीक्षक शिवशंकर यादव ने मौके पर पहुंचकर मुनीम से पूछताछ किया। इसके साथ ही अपने मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।