‘गोल्डेन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड’ में दर्ज हुआ जौनपुर के संजय का नाम
https://www.shirazehind.com/2016/02/blog-post_16.html?m=0
जौनपुर। जौनपुर के लाल ने महाराष्ट्र में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में धमाल मचाते हुये गोल्डेन बुक में अपना नाम दर्ज कराकर परिवार सहित अपने जनपद का नाम रोशन कर दिया। यह लाल जनपद के गौराबादशाहपुर के मैरा दखान गांव निवासी किसान लाल बहादुर पाल का होनहार पुत्र संजय पाल है जो महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित दो दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय कराटे एवं किक बाक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। वहां से लौटकर अपने घर पहुंचे श्री पाल ने बताया कि उसको प्रथम स्थान के रूप में स्वर्ण पदक मिला। साथ ही उसका नाम गोल्डेन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो गया। प्रतियोगिता में भारत के अलावा नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, अफगानिस्तान से लगभग 500 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया था। उसने बताया कि इस सफलता से उसका चयन वल्र्ड किक बाक्सिंग चैम्पियनशिप के लिये हो गया है जो पुर्तगाल में जुलाई माह में होगा। उसने बताया कि उसके गृह जनपद आगमन पर ग्राम प्रधान हरिश्चन्द्र यादव, प्रशिक्षक शत्रुघ्न सिंह अन्य लोगों ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

