त्रिलोचन महादेव में आयोजित 25 दिवसीय योग शिविर सम्पन्न
https://www.shirazehind.com/2016/03/25_30.html?m=0
जौनपुर। जन-जन तक योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को पहुंचाकर लोगों को स्वस्थ रखने हेतु पतंजलि योगपीठ हरिद्वार व भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि योग समिति तहसील केराकत द्वारा त्रिलोचन महादेव स्थित यादव धर्मशाला में आयोजित 25 दिवसीय सह योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। शिविर में लोगों को योग के क्रियात्मक व सैद्धांतिक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया गया जिसमें प्रशिक्षुओं को अष्टांग योग, पतंजलि, चरक, सुश्रुत के योग सूत्रों के साथ इनके द्वारा बताये गये आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से साध्य व असाध्य बीमारियों से बचाव हेतु लोगों को उपाय बताया गया। क्रियात्मक अभ्यासों के क्रम में योगिक जागिंग, सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार सहित सरल व जटिल आसनों को बताते हुये भस्त्रिका, कपाल भाति, अनुलोम-विलोम, वाह्य प्राणायाम, अग्निसार, नौलिक्रिया, उज्जयी, भ्रामरी व उद्गीथ प्राणायामों सहित ध्यान व योग निद्रा का अभ्यास कराकर जन जागरण अभियान के माध्यम से निःस्वार्थ सेवा भाव से लोगों को स्वस्थ रखने के लिये संकल्पित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी अचल हरिमूर्ति, शम्भूनाथ यादव, रणजीत आर्य, सभाराज आर्य, लाल बहादुर योगी, रविन्द्र कुमार, वंशराज, राज नारायण, हरिनाथ, निसार अहमद, शराफत अली, मीरा देवी, नीलम, कल्पनाथ सिंह, अशोक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक/संचालक शम्भूनाथ योगी ने आभार व्यक्त किया।

