-दहेज रहित आदर्श विवाह : सर्वेश्वरी समूह की पहल पर शाखा कार्यालय में हुई शादी
https://www.shirazehind.com/2016/11/blog-post_123.html?m=0
जौनपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थानीय शाखा के पहल पर शुक्रवार को हुई एक शादी ने दहेज दानवों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ा। राहुल सिंह और अपर्णा सिंह अघोर पद्धति से शादी रचा कर जीवन साथी बन गए। समाज के लिए इस अनुकरणीय शादी के गवाह बने श्री सर्वेश्वरी समूह के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों लोग। मौजूद लोगों का उत्साह ऐसा लगा मानो उनके अपने बेटे-बेटी की शादी हो।
श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थानीय इकाई के मंत्री ओम प्रकाश सिंह की पहल पर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी नौकरी पेशा राहुल सिंह पुत्र लाल चंद्र सिंह का दहेज रहित आदर्श विवाह जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरेवं गांव निवासी महेंद्र प्रताप सिंह की पुत्री कु. अपर्णा सिंह के साथ तय हुई। वर-वधू के साथ दोनों पक्षों के लगभग 70 व्यक्ति शुक्रवार को कलक्टरेट तिराहा के पास स्थित सर्वेश्वरी शाखा कार्यालय में पहुंचे। अघोर पद्धति से हुए विवाह में आचार्य तेज बहादुर सिंह की देखरेख में जयमाल की रस्म पूरी हुई। दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। वर-वधू ने जीवन साथी बनने के पश्चात अघोर पद्धति द्वारा तय की गई प्रतिज्ञा ली। महेंद्र प्रताप सिंह ने बेटी अपर्णा सिंह को गृहस्थ जीवन से संबंधित उपदेश दिए। कन्या और वर पक्ष के लोगों की खातिरदारी सर्वेश्वरी समूह के लोगों ने ऐसे उत्साह के साथ की जैसे उनके अपने बेटी-बेटे की शादी हो। सादे समारोह में संपन्न हुई शादी के बाद सतरंगी सपने संजोए अपर्णा सिंह सजन के घर गई। इस मौके पर शाखा कार्यालय के व्यवस्थापक ओम प्रकाश सिंह, राणा प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अश्विनी सिंह आदि मौजूद रहे।

