ठोस आश्वसन मिलते तक जारी रहेगा प्रर्दशनः रमेश सिंह
https://www.shirazehind.com/2018/03/blog-post_143.html?m=0
जौनपुर। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ की संयोजन समिति की एक अति आवश्यक बैठक संगठन के प्रान्तीय अध्यक्ष व वाराणसी परिक्षेत्र के शिक्षक विधायक की गरिमामय उपस्थिति में सरस्वती इंटर कालेज शास्त्री नगर जौनपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित जनपदीय शिक्षकों को शिक्षक विधायक ने अपने सारगर्भित उद्बोधन से आगामी 15 मार्च को संयुक्त शिक्षा निदेशक पंचम वाराणसी के कार्यालय पर व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में धरना करने व आगामी 14, 15 अप्रैल को गोरखपुर जनपद के महाराणा प्रताप इंटर कालेज में प्रान्तीय सम्मेलन में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अपने लंबित मांगों को पुरजोर ढंग से उठाया जायेगा। वित्तविहीन शिक्षकों के सम्मानजनक मानदेय पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 15 मार्च को प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। उनसे सेवा नियमावली बनाते हुए समान कार्य के लिए समान वेतन की वार्ता की जायेगी। बैठक में उपस्थित प्रान्तीय उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने 15 मार्च के धरने को दृष्टिगत रखते हुए कहा कि 22 मार्च, 2016 को बहुत लंबे संघर्षों के पश्चात विनियमतीकरण के आदेश की डी0डी0आर0 वाराणसी के द्वारा गलत व्याख्या करते हुए आदेश निर्गत करना कि विनियमतीकरण की परिधि में आने वाले शिक्षकों को पेंशन से आच्छादित नहीं किया जायेगा, यह सरासर अन्याय व हम शिक्षकों को भ्रमित करने वाला है। इस तुगलकी आदेश का हम पुरजोर विरोध करते हैं। धरना स्थल पर हम तब तक डटे रहेंगे जब तक हमारी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता। जिला संयोजक सरोज सिंह ने जनपद के शिक्षकजनों का आह्वान करते हुए कहा कि भारी संख्या में शिक्षा निदेशक कार्यालय पर दिन में 11 बजे तक पहुॅंचने का कष्ट करें। बैठक को प्रदेश मंत्री डा0 राकेश सिंह, नरसिंह बहादुर सिंह, सुधाकर सिंह, संकठा प्रसाद सिंह, डाॅ0 रणजीत सिंह, उमाशंकर सिंह दादा, प्रमोद सिंह, ठाकुर प्रसाद तिवारी, दयाशंकर यादव, समर बहादुर सिंह, डा0 परविन्द सिंह, चन्द्रप्रकाश दुबे, सतीश सिंह, श्वेतांशु दुबे, जय प्रकाश सिंह, पारसनाथ सिंह, लाल साहब यादव, सत्येन्द्र सिंह, जयकिशुन यादव आदि ने संबोधित किया।

