घर से भागे प्रेमी जोड़े ने यमुना में लगायी छलांग - किशोरी की मौत , किशोर को मल्लाहों ने बचाया
https://www.shirazehind.com/2018/06/blog-post_768.html?m=0
मुंगरा बादशाहपुर ( जौनपुर ) । स्थानीय पवारा थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी एक किशोर पर उसी गाँव की लड़की को बहला फुसला कर भगा ले जाने और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है । बताते है कि पंवारा थाना क्षेत्र के एक गांव के 17 वर्षीय एक किशोर का उसी गाँव की ही एक किशोरी से प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहा था । विगत 5 जून को दोनों एकाएक घर से भाग गए । काफी खोजबीन के बाद जब किशोरी का कुछ पता नही चला तो किशोरी के पिता ने किशोर के विरुद्ध पवारा थाने में अपनी पुत्री को बहला फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया ।बकौल पुलिस इधर दोनो प्रेमी युगलों ने घर से भागकर इलाहाबाद पहुँच गए और यमुना पुल पर पहुचकर साथ - साथ जीने - मरने की कसमें खाते हुए यमुना में छलाँग लगा दिया । इन दोनों को यमुना में छलाँग लगाते देख मल्लाह दौड़े और किशोर को किसी प्रकार बचा लिया जबकि किशोरी का कुछ पता नही चला । मल्लाहो ने किशोर को इलाहाबाद अस्पताल में भर्ती कराया ।सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची नैनी पुलिस ने 6 जून को गोताखोरों की मदद से किशोरी के शव को यमुना से निकलवाया और अन्त्य परीक्षण कराने के बाद शव का अन्तिम संस्कार करा दिया । कही से सूचना मिलने पर नैनी पुलिस ने घटना के सम्बंध में पवारा पुलिस को सूचित किया तो पुलिस ने किशोरी के परिजनों को घटना की जानकारी दी । जानकारी मिलते ही किशोरी के परिजन तत्काल नैनी थाने पर जा कर वहाँ रखे किशोरी के कपड़े और उसकी फोटो की पहचान अपनी पुत्री के रूप में किया । पंवारा पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर पूर्व में दर्ज धारा 363 , 366 के मुकदमे में धारा 306 , 309 को सम्मिलित कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है ।
