
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को मासूम बालक के
साथ अप्राकृतिक दुराचार करने के आरोपित के खिलाफ गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर
लिया गया। पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है। सात वर्षीय बालक को गांव
का ही एक युवक बहला-फुसलाकर एकांत स्थान पर ले गया और उसके साथ कुकर्म
किया। बालक को रक्तस्त्राव होने लगा तो आरोपित युवक फरार हो गया। बालक ने
किसी तरह घर जाकर परिजनों को आपबीती बताई। इसी दौरान वह बेहोश हो गया।
परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल ले गए। इलाज के दो दिन बाद उसकी हालत में सुधार
होने पर परिजन बालक को लेकर गुरुवार को थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ
नामजद तहरीर दी। पुलिस ने अप्राकृतिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा
दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि फरार आरोपित की
तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।