तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार सराफा कारोबारी की मौके पर ही मौत
जौनपुर। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में चौराहे पर पुलिस चौकी के बगल शनिवार को दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार सराफा कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार कारोबारी के शव को मोटरसाइकिल समेत लगभग 100 मीटर तक घसीटते भाग रहे चालक व खलासी को पुलिस ने बाजारवासियों की मदद से ट्रेलर सहित पकड़ लिया।
थाना क्षेत्र के कटघर रामनगर निवासी सुरेश सोनी (42) गांव की बाजार में ही सराफा व बर्तन की दुकान चलाते थे। दोपहर वह किसी कार्य से बाइक से घर से शाहगंज जा रहे थे। करीब सवा बारह बजे सराय मोहिउद्दीनपुर चौराहे पर पहुंचे थे कि पीछे से तेजगति आए ट्रेलर ने धक्का मार दिया। वह बाइक समेत गिरे तो ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हड़बड़ी में भागने का प्रयास कर रहा चालक ट्रेलर में फंसी बाइक व व्यवसायी के शव को करीब सौ मीटर तक घसीट ले गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने चालक मोनेंद्र सिंह निवासी पलिया हरपालपुर जिला हरदोई के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने व गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ट्रेलर सीज कर दिया है। खलासी योगेंद्र पटेल निवासी सदुल्लानगर बंथरा जिला लखनऊ भी पुलिस की हिरासत में है।

