सुबह से लापता किशोर देर रात घर लौट आया
https://www.shirazehind.com/2021/03/blog-post_544.html?m=0
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया का निवासी मंगलवार की सुबह से लापता किशोर देर रात घर लौट आया। उसका कहना है कि वाहन सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। कक्षा आठ में पढ़ने वाला आशीष चौहान (16) पुत्र ऊदल सुबह से लापता हो गया था। स्वजन ने चौकियां पुलिस चौकी पर सूचना दी। इसी दौरान रात दस बजे वह घर लौट आया। उसने स्वजन को बताया कि रामघाट मुख्य द्वार के पास से चार पहिया वाहन सवार उसे मूर्छित अगवा कर ले गए। होश आने पर उसने खुद को एक कमरे में बंद पाया। किसी तरह से वह अपहर्ताओं को चकमा देकर कमरे से निकल गया। अपहर्ता उसे मड़ुआडीह (वाराणसी) ले गए थे। वहां से किसी तरह वह घर आया। चौकियां चौकी प्रभारी विनोद कुमार अंचल ने कहा कि किशोर कभी कुछ तो कभी कुछ बता रहा है। मामला संदिग्ध है। छानबीन की जा रही है।

