हरियाली तीज पर बिखरी सुहागिनों की छटा, किन्नर समाज ने निभाई भागीदारी की नई मिसाल

जौनपुर। हरियाली तीज के पावन अवसर पर जौनपुर में एक अनोखा और भावपूर्ण आयोजन देखने को मिला। अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट परिवार द्वारा शहर के एक भव्य लॉन में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की परंपराएं, संस्कृति और समरसता के रंग घुलते नज़र आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य एवं महामंडलेश्वर माँ कंकेश्वरी नंदगिरी द्वारा भगवान शिव, माँ पार्वती और श्रीगणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना से किया गया। इस शुभ अवसर पर शहर की अनेक सुहागिन महिलाएं हरे वस्त्रों, चूड़ियों, मेहंदी और सिंदूर के साथ पारंपरिक श्रृंगार में सज-धज कर पहुंचीं। उन्होंने भोले बाबा के भजन गाते हुए अपने पति की दीर्घायु की कामना की।

इस आयोजन की विशेषता यह रही कि महामंडलेश्वर कंकेश्वरी नंदगिरी के नेतृत्व में किन्नर समाज की महिलाओं ने भी पहली बार तीज के पर्व में सुहागिनों के साथ सहभागिता निभाई। ट्रस्ट द्वारा सभी महिलाओं को पान खिलाकर एक पुरानी विलुप्त हो रही परंपरा का पुनर्जीवन दिया गया, जिससे आयोजन की आत्मा में और अधिक गहराई जुड़ गई।

कार्यक्रम में कंकेश्वरी नंदगिरी ने ट्रस्ट अध्यक्ष उर्वशी सिंह के सामाजिक कार्यों की खुले दिल से सराहना करते हुए कहा,

“उर्वशी सिंह किन्नर समाज के लिए जिस समर्पण और सेवा भाव से कार्य कर रही हैं, वह प्रेरणादायक है। वे न केवल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए आवाज उठा रही हैं, बल्कि घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा कर किन्नर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। हम सब उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”

इस भावनात्मक क्षण में ट्रस्ट परिवार द्वारा उपस्थित सभी महिलाओं को सिंदूर, बिंदी, चूड़ियां, मेहंदी और सुहाग का सामान भेंट कर आशीर्वाद दिया गया। महिलाओं ने पारंपरिक खेलों, झूलों और स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया।

इस भव्य आयोजन में शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षाविद, चिकित्सक और व्यापारी वर्ग की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित महिलाओं में डॉ. विजय लक्ष्मी पटेल, डॉ. सुष्मिता सिंह, डॉ. पूजा यादव, डॉ. स्वाति यादव, डॉ. तुलिका मौर्य, डॉ. श्वेता गुप्ता, प्राची श्रीवास्तव,सबिता गुप्ता, कंचन सिंह, राधिका सिंह, मीरा अग्रहरी, अर्चना सिंह और क्षमा सिंह प्रमुख रहीं।
किन्नर समाज से पायल, डॉली जोशी, किरण और शालू सहित अन्य बहनें भी गरिमामयी रूप से मौजूद रहीं।

हरियाली तीज के इस आयोजन ने न सिर्फ परंपराओं को जीवित रखा बल्कि सामाजिक समावेशिता का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी गूंज लंबे समय तक शहर के दिलों में बनी रहेगी।


Related

डाक्टर 1867848201800332686

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item