सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियाद
https://www.shirazehind.com/2025/08/blog-post_53.html?m=0
मछलीशहर, जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में स्थानीय तहसील के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी ने गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायती प्रार्थना पत्रों पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाय। जिलाधिकारी के समक्ष राजस्व विभाग, भूमि विवाद, पथरगड्डी, पेंशन आदि से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिस पर उन्होंने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिये।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष 125 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिस पर मौके पर 4 शिकायती पत्रों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी मछलीशहर सौरभ कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 लक्ष्मी सिंह, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयबर चौहान की अध्यक्षता में तहसील मड़ियाहूं में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। वहीं दूसरी ओर अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
प्रार्थना पत्र देने से रोकने पर शिकायतकर्ताओं एवं अधिवक्ताओं में भड़का आक्रोश
मछलीशहर, जौनपुर। जिलाधिकारी के आने पर तहसीलदार एवं राजस्व कर्मियों के हाथ पांव फूले थे कि कहीं उन पर गाज न गिर जाय? भूमि संबंधी शिकायतों की कहीं अधिकता न हो जाय? इसके लिए तहसीलदार रवि रंजन कश्यप ने नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव एवं सभी राजस्व कर्मियों को चप्पे—चप्पे पर तैनात किया था। जितने भी शिकायतकर्ता आ रहे थे, सभी की प्रार्थना पत्र राजस्व अभिलेखागार से लेकर राजस्व निरीक्षक, लेखपाल चेक करके जिलाधिकारी के पास जाने दे रहे थे। यदि उनसे संबंधित शिकायत होती थी तो जिलाधिकारी तक नहीं जाने दे रहे थे। इसका उदाहरण बरईपार की शिकायतकर्ता रुचि मिश्रा हैं। जब उनको पंजीकरण स्थल से ही शिकायत करने से वापस किया गया तो एक अधिवक्ता की सहायता लेनी पड़ी तब जिलाधिकारी तक पहुंच पाई। इसी प्रकार कई दर्जनों शिकायतकर्ताओं को निराश होना पड़ा। जिलाधिकारी के समाधान दिवस पर अधिक शिकायतकर्ता न आयें जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण तहसील में देखने को मिला। जब शुक्रवार को पत्रकारों ने तहसीलदार रवि रंजन कश्यप से जिलाधिकारी के आने की 2 अगस्त को आने की सूचना मांगी तो उन्होंने बताया कि 16 अगस्त के समाधान दिवस पर जिलाधिकारी उपस्थित रहेंगे। वहीं जिलाधिकारी के शनिवार को उपस्थित होने पर पत्रकारों एवं अधिवक्ताओं ने फिर पूछा तो तहसीलदार ने सीधे कहा कि मैं सूचना देने के लिए थोड़े बैठाया गया हूं। तहसीलदार की कार्यप्रणाली से पत्रकारों एवं अधिवक्ताओं में आक्रोश है। तहसीलदार की कार्यप्रणाली तहसील समाधान दिवस पर चर्चा का विषय बनी रही।

