बिना अनुमति दावत ने मचाया बवाल, पूर्वांचल विवि ने दिखाई सख्ती

 रिपोर्ट इन्द्रजीत सिंह मौर्य

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में बिना अनुमति पार्टी आयोजित करने का मामला अब गंभीर प्रशासनिक कार्रवाई में बदल गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने रविवार को अनुशासनहीनता को गम्भीर मानते हुए 12 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा सुपरवाइज़र को तत्काल हटाने की संस्तुति भी कर दी गई है।

मुक्तांगन परिसर में हुई थी पार्टी

 विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 14 सितम्बर की रात कुछ कर्मचारियों ने मुक्तांगन परिसर में बिना अनुमति पार्टी/दावत का आयोजन किया था। अगली सुबह परिसर में भारी गंदगी पाई गई, जिसे प्रशासन ने अनुशासनहीनता माना। इस पूरे प्रकरण की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया।

तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण

इस घटना में संलिप्त पाए गए कुल 12 कर्मचारियों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा सुपरवाइज़र पर गिरी गाज

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का ठीकरा सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइज़र पर फोड़ा है। नोटिस में कहा गया है कि पार्टी की कोई भी सूचना न तो विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गई और न ही चीफ प्रॉक्टर को। इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए विश्वविद्यालय ने संबंधित सुरक्षा सुपरवाइज़र को तत्काल हटाने की संस्तुति पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड को भेज दी है।

प्रशासन का सख्त संदेश

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि परिसर में अनुशासनहीनता और सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने कर्मचारियों और सुरक्षा एजेंसी को चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसी घटना दोहराई गई तो और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

 यह मामला अब विश्वविद्यालय के अंदर चर्चा का विषय बन गया है और सबकी निगाहें आगामी प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।


Related

JAUNPUR 7824766937532930137

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item