आसमान में रात को चक्रमण करते ड्रोन ने ग्रामीणों की उड़ायी नींद
क्या हकीकत, क्या फसाना, बताये स्थानीय पुलिस
बरसठी, मुंगराबादशाहपुर, सरायख्वाजा से लेकर पूरे जिले तक ड्रोन चक्रमण से सहमे ग्रामीण, पुलिस बता रही अफवाहसीसीटीवी में कैद हुई थी तेलंगाना की कार
बीते दिनों बरसठी क्षेत्र के दताव और महुवारी गांव से मिले वीडियो और फोटो में आसमान पर रहस्यमयी रोशनी देखी जा सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर तेलंगाना नंबर की एक कार देखी गई थी जिस पर कैमरे लगे थे, यह कार गांव के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई और उसी रात आसमान पर चमकती रहस्यमयी रोशनी दिखने का दावा किया गया। इसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। अखबारों में खबरें भी छपी और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
‘जागते रहो ड्रोन चोर आ जायेगा’ का शोर...
कटवार गांव में ग्रामीणों ने रात भर रतजगा किया लोग टॉर्च लेकर गांव में घूमते रहे माइक पर ‘जागते रहो ड्रोन चोर आ जाएगा’ का शोर मचाते रहे। शुक्रवार की देर रात बघनरी गांव में 2 से 3 ड्रोन उड़ते देखे जाने का दावा ग्रामीणों ने किया है। गांव में अचानक शोर मचने पर दर्जनों ग्रामीण उसका पीछा करने भी निकले लेकिन कुछ ही देर में वे सभी गायब हो गये। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी लेकिन करीब घण्टे भर बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची जिससे लोगों की चिंता और ज्यादा बढ़ गई।
जांच में किसी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं
पूरे मामले में पुलिस विभाग इन घटनाओं को लगातार अफवाह करार दे रहा है। पुलिस का कहना है कि अब तक जांच में किसी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर सभी थानों को निर्देशित किया गया कि शादी-विवाह या किसी भी कार्यक्रम में ड्रोन के इस्तेमाल की अनुमति और पहचान अनिवार्य की गयी है। साथ ही बैठकों के जरिये लोगों को समझाया भी जा रहा है कि डरने की कोई जरूरत नहीं है। मालूम हो कि यह मामला बरसठी तक सीमित न रहकर अब जिले के अन्य हिस्सों तक भी पहुंच चुका है।

