पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ABVP अधिवेशन के विरोध में NSUI ने सौंपा ज्ञापन
कहा— विश्वविद्यालय शिक्षा का केंद्र, राजनीतिक एजेंडे का मंच नहीं
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा काशी प्रान्त का अधिवेशन आयोजित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI), जौनपुर की ओर से शुक्रवार को जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन NSUI शहर अध्यक्ष अमन सिन्हा के नेतृत्व में दिया गया।NSUI ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय परिसर शिक्षा, शोध और अकादमिक गतिविधियों का केंद्र होता है, न कि किसी विशेष राजनीतिक या वैचारिक संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने का मंच। संगठन का कहना है कि ABVP द्वारा इस प्रकार का अधिवेशन आयोजित किए जाने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा, शांत वातावरण और निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
“पूर्वांचल विश्वविद्यालय पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों की आस्था का केंद्र है। इसे किसी संगठन की राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं बनने दिया जाएगा। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि प्रस्तावित अधिवेशन की अनुमति तत्काल प्रभाव से रद्द की जाए।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस मामले में शीघ्र कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो NSUI छात्रहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान NSUI शहर उपाध्यक्ष रोहित पाण्डेय, आदर्श गुप्ता, यश पाठक, सुशांत पाण्डेय, नितिन बिन्द, कृष्णा गुप्ता सहित अन्य छात्र नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

