कायस्थ समाज को मिला सम्मान, नितिन नबीन के नेतृत्व से संगठन होगा मजबूत: राकेश श्रीवास्तव
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश मंत्री एवं जिलाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कायस्थ समाज के नितिन नबीन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा।
राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समाज के प्रतिष्ठित नेता होने के साथ-साथ एक अनुभवी राजनेता और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। वे दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और राजनीति की सुदीर्घ परंपरा से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और अपनी कार्यशैली व विकासोन्मुख सोच के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने बताया कि नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर उनका व्यापक अनुभव भाजपा के लिए मजबूती का कारण बनेगा। पार्टी अध्यक्ष के चुनाव तक वे जेपी नड्डा के स्थान पर कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे।
वहीं पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। राकेश कुमार श्रीवास्तव ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में पार्टी नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी और आगामी चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगी।

