16वीं पुण्यतिथि पर स्व. गिरीश चंद्र श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि, जनसेवा और विकास कार्यों को किया गया नमन
https://www.shirazehind.com/2026/06/16.html?m=0
आजमगढ़। पूर्व पालिकाध्यक्ष, प्रख्यात समाजसेवी एवं विकास पुरुष स्वर्गीय गिरीश चंद्र श्रीवास्तव की 16वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. गिरीश चंद्र श्रीवास्तव गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने अपने पालिकाध्यक्ष कार्यकाल में नगर पालिका परिषद आजमगढ़ को विकास और सुशासन की नई पहचान दिलाई। उनके नेतृत्व में नगर पालिका परिषद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया था।
श्रद्धांजलि सभा में उनके द्वारा कराए गए नगर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्व. श्रीवास्तव का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए समर्पित रहा। उनकी सादगी, दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने अपने कार्यों से यह साबित किया कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व जनता की सेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। उनके द्वारा रखी गई विकास की मजबूत नींव आज भी नगर के विकास में दिखाई देती है।
कार्यक्रम में मास्टर कलाम, आजाद जी (सनबीम), अमित श्रीवास्तव एडवोकेट, पालिकाध्यक्ष सरफराज आलम, सभासद आनंद देव उपाध्याय, महेंद्र यादव, विशाल श्रीवास्तव, राजू यादव, मिथुन निषाद, पुनीत राय, गौतम सेठ, शेखर चौधरी, संतोष सोनकर, पूर्व सभासद प्रेम यादव, सलीम भाई, पुरुषोत्तम सिंह, रईस अहमद, अर्जुन चौधरी, शुवल गौड़, रोहित कवि, शरद चंद्र तिवारी, सदरुद्दीन प्रधान, रामाश्रय प्रधान, मुख्तार अहमद, तारिक अहमद, दीपक सिंह, बबलू श्रीवास्तव, भोला तिवारी, नवीन श्रीवास्तव, राजू सिंह, महावीर श्रीवास्तव सहित चित्रांश महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व पालिकाध्यक्ष शीला श्रीवास्तव तथा उनके पुत्र प्रणीत श्रीवास्तव ‘हनी’ ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



