Page

Pages

शुक्रवार, 12 जून 2026

भगवान चित्रगुप्त मंदिर में हुआ भव्य श्रृंगार, उतारी गई दिव्य आरती


जौनपुर। राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद जौनपुर के तत्वावधान में रूहटा स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर में सवा माह तक लगातार आरती संपन्न होने के उपलक्ष्य में बुधवार को भगवान चित्रगुप्त का भव्य श्रृंगार एवं दिव्य आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

महापरिषद के जिलाध्यक्ष गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन द्वारा लिए गए संकल्प के अनुसार सवा माह तक प्रतिदिन आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमेश श्रीवास्तव एवं संगठन महामंत्री अभिलव श्रीवास्तव ने भगवान का विशेष श्रृंगार किया। आरती एवं पूजन में कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी अस्थाना, विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव एडवोकेट, श्री चित्रगुप्त सभा के अध्यक्ष रमेंद्र नाथ श्रीवास्तव एडवोकेट, रूपेश श्रीवास्तव 'कवि अकेला' एवं शैलेन्द्र मोहन सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हुए।

मंदिर धर्मशाला अध्यक्ष रामेंद्र श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि मंदिर प्रतिदिन प्रातः छह से दस बजे तथा सायं छह से रात्रि दस बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंखा एवं प्रकाश व्यवस्था भी कराई गई है।

श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति के संयोजक सरस चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त सभी प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले न्याय के देवता हैं। उन्होंने लोगों से महत्वपूर्ण अवसरों पर मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करने की अपील की। कार्यकारी जिलाध्यक्ष अश्विनी अस्थाना ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन शाम साढ़े छह बजे आरती का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सर्व समाज के श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से आरती में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।





कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें