जौनपुर में धूमधाम से मनाया गया महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस
जौनपुर। गोमती तट स्थित हनुमान घाट पर बुधवार को राष्ट्रवीर सेना द्वारा महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 11वीं शताब्दी में विदेशी आक्रांता सैयद सालार मसूद गाजी के अत्याचारों से देश और धर्म की रक्षा के लिए महाराजा सुहेलदेव ने अद्वितीय शौर्य का परिचय दिया था। उनकी ऐतिहासिक विजय भारतीय पराक्रम, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अजय उपाध्याय एवं तेज प्रताप मिश्रा ने भारत माता एवं महाराजा सुहेलदेव के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर योद्धा को नमन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रवीर सेना के उपाध्यक्ष आलोक सेठ ने समाज में अन्याय, अत्याचार और गलत कार्यों का निर्भीक होकर विरोध करने का आह्वान किया। वहीं अजय उपाध्याय ने महाराजा सुहेलदेव के जीवन, संघर्ष और वीरता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में जगमेन्द निषाद, रोहित साहू, शिवम जायसवाल, अमित निगम, आशीष बोस, सुरेन्द्र सोनी, लक्ष्मण वर्मा, अनिकेत मोदनवाल, दीपक सेठ, ओमप्रकाश गुप्ता एवं मंगल सेठ सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने भारत माता की आरती कर राष्ट्र की उन्नति एवं समृद्धि की कामना की।
इस दौरान पूरा वातावरण "भारत माता की जय" तथा "महाराजा सुहेलदेव अमर रहें" के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रवीर सेना के अध्यक्ष महेश कुमार ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

