सुजानगंज, जौनपुर। OLX और Animal App के माध्यम से पशु एवं जेसीबी मशीन बेचने का झांसा देकर लोगों को बुलाने, बंधक बनाकर मारपीट करने तथा जबरन वसूली करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को सुजानगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील प्रजापति पुत्र रामतीरथ प्रजापति निवासी ऊटरू खुर्द, थाना बक्सा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित कठवार गांव निवासी दीप सिंह के पुत्र नमन ने Animal App पर भैंस बिक्री का एक विज्ञापन देखा था। इसके बाद ठगों से संपर्क होने पर उन्हें पशु खरीदने के लिए 5 जून को जौनपुर के नौपेड़वा बुलाया गया।
नौपेड़वा पहुंचने के बाद ठग पीड़ितों को पहले हरिपुर ले गए और फिर सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव स्थित एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बंधक बना लिया। इस दौरान पीड़ित दीप सिंह अपने सहयोगी चन्द्रशेखर के साथ मौजूद थे। आरोप है कि ठगों ने मारपीट करते हुए दीप सिंह के मोबाइल से करीब 79 हजार रुपये तथा चन्द्रशेखर के मोबाइल से लगभग 62 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
घटना के बाद पीड़ितों ने सुजानगंज थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर थाना प्रभारी अमित पांडेय ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि 10 जून को इस गिरोह के सरगना समेत दो शातिर अपराधियों को सुजानगंज और सिकरारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं गुरुवार को गिरोह के तीसरे सदस्य सुनील प्रजापति को हरिपुर बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें