जौनपुर: पुलिस के हत्थे चढ़ा टॉप-10 अपराधी, तमंचा और कारतूस बरामद
हिस्ट्रीशीटर दीपक यादव को पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोचा, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
जौनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर पुलिस ने टॉप-10 अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर दीपक यादव को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सिधवन दूध कारखाना के पास ग्राम मई पाही जाने वाले तिराहे से टॉप-10 अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर दीपक यादव पुत्र महादेव यादव निवासी ग्राम मई, थाना रामपुर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दीपक यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, चोरी का माल रखने तथा आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पहले से एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना रामपुर का हिस्ट्रीशीटर एवं टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद इस्लाम, हेड कांस्टेबल हरिगोविंद दुबे तथा हेड कांस्टेबल विनोद प्रजापति शामिल रहे।

