मरकजी सीरत कमेटी चुनाव में कमालुद्दीन बनाम उबैद शिराजी , सदर पद की जंग बनी प्रतिष्ठा की लड़ाई

पिछले साल के विवाद के बाद पहली बार मतदान से चुनी जाएगी नई कार्यकारिणी, 2 अगस्त को अटाला मस्जिद में होगा चुनाव

जौनपुर।मरकजी सीरत कमेटी के चुनाव को लेकर शहर का सियासी और सामाजिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। पिछले वर्ष हुए विवाद के बाद इस बार कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति के बजाय मतदान के जरिए किया जा रहा है। ऐसे में 2 अगस्त को अटाला मस्जिद में होने वाला चुनाव पूरे शहर की चर्चा का विषय बना हुआ है।

सदर पद के लिए भले ही चार प्रत्याशी मैदान में हों, लेकिन मुस्लिम समाज और राजनीतिक हलकों में मुख्य मुकाबला कमालुद्दीन और उबैद शिराजी के बीच माना जा रहा है। दोनों उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है और समर्थकों के साथ लगातार जनसंपर्क कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं।

बताया जा रहा है कि उबैद को एक प्रमुख मदरसे का समर्थन मिल रहा है। वहीं कमालुद्दीन भी अपने सामाजिक संपर्क और संगठनात्मक अनुभव के दम पर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। ऐसे में सदर पद की यह लड़ाई अब प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है।

गौरतलब है कि जौनपुर की मरकजी सीरत कमेटी बारह वफात (12 रबीउल अव्वल) के अवसर पर आयोजित होने वाले सप्ताहभर के धार्मिक कार्यक्रमों का संचालन करती है। यह आयोजन शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल माना जाता है। दूसरी ओर, शारदीय नवरात्र में श्री दुर्गापूजा महासमिति दुर्गापूजा और विसर्जन तक की व्यवस्थाओं का संचालन करती है। वर्षों से दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से होता रहा है।

हालांकि पिछले वर्ष मरकजी सीरत कमेटी के गठन को लेकर हुए विवाद के बाद इस बार लोकतांत्रिक तरीके से मतदान कराने का निर्णय लिया गया। इसी कारण यह चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे कमेटी की कार्यशैली और नेतृत्व की नई दिशा तय करने वाला चुनाव भी माना जा रहा है।

अब सबकी निगाहें 2 अगस्त को अटाला मस्जिद में होने वाले मतदान पर टिकी हैं। मतपेटी से निकलने वाला फैसला तय करेगा कि मरकजी सीरत कमेटी की कमान अगले कार्यकाल के लिए किसके हाथों में जाएगी।

Related

डाक्टर 8825967389776265329

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item