सेवा से समाज में बदलाव का संकल्प, समर्पण सेवा संस्थान के 70 सदस्यों ने ली शपथ
जौनपुर। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से गठित समर्पण सेवा संस्थान का प्रथम स्थापना दिवस शनिवार को पालक मैरिज हॉल में धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह के दौरान संस्थान से जुड़े करीब 70 सदस्यों ने सेवा, निष्ठा और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश सरकार गिरीश चंद्र यादव रहे। मंच पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रियंवदा सिंह, यातायात प्रभारी सुशील पांडेय, प्रबंधक डॉ. मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव, संस्थापक अध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष सोनी जायसवाल एवं सचिव आशीष श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके बाद संस्थान के सदस्यों ने समाजसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने और जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करने की शपथ ली। संस्थान की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, महिला सशक्तीकरण, दिव्यांग सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, संस्कृति, राहत एवं सामाजिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में कार्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
11 सेवा विभागों को मिली जिम्मेदारी
संस्था के सुचारु संचालन और सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए 11 सेवा विभागों का गठन किया गया। शिक्षा विभाग में अध्यक्ष मधुलिका अस्थाना व सचिव यामिनी सिंह, स्वास्थ्य एवं रक्तदान विभाग में अध्यक्ष डॉ. आकांक्षा त्रिवेदी व सचिव पुष्पा, मीडिया एवं प्रचार-प्रसार विभाग में अध्यक्ष आदर्श सिंह व सचिव संध्या अग्रहरि, वित्त एवं संसाधन विभाग में अध्यक्ष सोनी जायसवाल व सचिव राहुल श्रीवास्तव को जिम्मेदारी दी गई।
इसी प्रकार दिव्यांग सेवा विभाग में अध्यक्ष राहुल पाठक व सचिव अनीता गौर, सेवा एवं राहत विभाग में अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव व सचिव देवेंद्र कौर, सदस्यता एवं विस्तार विभाग में अध्यक्ष दिलीप जायसवाल व सचिव अनुराधा श्रीवास्तव, पर्यावरण विभाग में अध्यक्ष मोहम्मद असगर व सचिव मनीष अस्थाना, संस्कृति विभाग में अध्यक्ष मंजू देवी व सचिव रोली श्रीवास्तव, महिला सशक्तीकरण विभाग में अध्यक्ष प्रीति श्रीवास्तव व सचिव ज्योति यादव तथा खेल विभाग में अध्यक्ष प्रियंका सिंह व सचिव पूजा श्रीवास्तव को दायित्व सौंपा गया।
मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को निरंतर जनहित में कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। सहज संवाद, प्रभावी प्रस्तुति और शानदार मंच संचालन से उन्होंने समारोह को जीवंत बनाए रखा। समारोह में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, समाजसेवी, चिकित्सक, शिक्षक, युवा और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संस्थापक एवं फाउंडर अध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव ने कहा कि समर्पण सेवा संस्थान का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा से जोड़ना है, ताकि सामूहिक प्रयास से बेहतर और संवेदनशील समाज का निर्माण किया जा सके।

