बरगुदर पुल के पास पेड़ से टकराकर खाई में गिरी कार, युवक-युवती गंभीर
जोरदार टक्कर में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, इंजन टूटकर हुआ अलग; पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया
सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सोमवार भोर बरगुदर पुल के समीप पुलिस बूथ के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इंजन टूटकर अलग हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।बताया गया कि हर्ष सिंह (20) पुत्र सूर्यप्रताप सिंह निवासी बरईपार, जौनपुर और श्रेया सिंह निवासी खैरा बगहां, थाना कछवां, वाराणसी दोनों मित्र हैं। सोमवार भोर दोनों कार से जौनपुर से मछलीशहर की ओर जा रहे थे। बरगुदर पुल के समीप पुलिस बूथ के सामने पहुंचते ही अचानक कार अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टक्कर के बाद कार खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिकरारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह की देखरेख में पुलिस ने दोनों घायलों को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।

