16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना-2027 की स्व-गणना, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
जौनपुर में 10,616 से अधिक प्रगणक और पर्यवेक्षक प्रशिक्षित, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश
जौनपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जिले में स्व-गणना कार्यक्रम 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक संचालित होगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण दौर चलेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने सभी विभागीय अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार और बेहतर समन्वय के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया है।
कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने और किसी भी प्रकार की समस्या या शंका होने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान कराने को कहा।
बैठक में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के लिए जिले के सभी 18 चार्जों में 10,616 से अधिक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। इसके लिए 226 से अधिक प्रशिक्षण बैच संचालित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर 15 दिवसीय कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू कराने का निर्देश दिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने अपेक्षा जताई कि जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की भागीदारी से जनगणना का कार्य पूरी गुणवत्ता, शुद्धता और प्रभावशीलता के साथ संपन्न होगा। उन्होंने प्रदेश में जनगणना कार्य की प्रगति के मामले में जौनपुर को प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य भी दिया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

