अन्नकूट पर 550 वर्ष प्राचीन मंदिर में सजा छप्पन भोग, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जौनपुर। अन्नकूट के पावन पर्व पर वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी 550 वर्ष प्राचीन मंदिर में छप्पन भोग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में जनपद सहित गैर जनपदों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं, साधु-संतों और महंतों ने सहभागिता की तथा दर्शन-पूजन के बाद प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान महंत नरसिंह दास जी ने पहुंचे मीडिया कर्मियों को मंदिर के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मंदिर की परंपराएं वर्षों पुरानी हैं। मंदिर प्रांगण में स्थित दो पूर्व गुरुओं की जीवित समाधियों के धार्मिक महत्व और आध्यात्मिक परंपरा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
महंत नरसिंह दास जी ने देवस्थान पर पहुंचे श्रद्धालुओं और शिष्यगणों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा सभी को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा। मंदिर के पुजारियों और क्षेत्रीय लोगों ने भी प्रसाद वितरण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर अवनीश जी, पौहारी, मनोज मिश्रा, बाबा फलहारी दास, मनीष, आयुष यादव, रामजस सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। जनपद के अलावा दूसरे जिलों से आए साधु-संतों, महंतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

