उम्र को मात देकर जौनपुर के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, स्वर्ण पदक विजेताओं का हुआ भव्य सम्मान

 34वीं यूपी स्टेट मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, रिवर व्यू क्लब ने सम्मान समारोह आयोजित कर बढ़ाया हौसला

जौनपुर। हौसले बुलंद हों तो उम्र कभी कामयाबी की राह में बाधा नहीं बनती। जज्बा, जुनून और मेहनत के दम पर जौनपुर के मास्टर्स एथलीटों ने इस बात को एक बार फिर साबित कर दिया। 34वीं यूपी स्टेट मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि पर गुरुवार सुबह रिवर व्यू क्लब की ओर से रिवर व्यू होटल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया।


लखनऊ विश्वविद्यालय में एक नवंबर तक चली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जौनपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पदकों की झड़ी लगाकर लौटे खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए अतिथियों ने उनकी उपलब्धियों को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया।


प्रतियोगिता में धर्मेश कुमार ने 100 मीटर दौड़ और 4×100 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। सुनीता सिंह ने तो अपनी प्रतिभा का ऐसा परचम लहराया कि 100 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। वहीं संतोष यादव ने डिस्कस थ्रो और पोल वॉल्ट में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। जिलाजीत यादव ने हैमर थ्रो और पोल वॉल्ट में स्वर्ण पदक जीतकर जिले की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।


इसके अलावा लाल बहादुर बिंद, आलोक यादव, अमर बहादुर, कमलेश यादव, अर्चना कुमारी, सुमन, दुर्गेश यादव, अभिषेक झा और अजीत यादव सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जौनपुर का मान बढ़ाया।


समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ सर्जन डॉ. केपी यादव ने कहा कि मास्टर्स एथलेटिक्स खिलाड़ियों की उपलब्धियों के बारे में जानकर बेहद प्रसन्नता हुई। इन खिलाड़ियों का समर्पण और खेल के प्रति जुनून सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के सदस्य भविष्य में भी इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।


आईएमए जौनपुर के अध्यक्ष डॉ. आरपी यादव ने कहा कि मास्टर्स एथलेटिक्स में युवा से लेकर बुजुर्ग खिलाड़ियों को पूरे उत्साह के साथ प्रदर्शन करते देखना आश्चर्यजनक और प्रेरणादायक है। ये खिलाड़ी समाज के हर वर्ग के लिए मिसाल हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी तो रिवर व्यू क्लब उनके साथ खड़ा रहेगा।


समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके यादव, कबड्डी संघ के सचिव रवि यादव, रानू सिंह, लक्ष्मी नारायण यादव, रंग बहादुर यादव, शिव सहाय, रामकृष्ण, राजेश यादव, परवेज अंसारी, उमाशंकर, राजेश सिंह, जनार्दन यादव और प्रकाश चंद्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 अंत में मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के संरक्षक विकेश उपाध्याय ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



Related

डाक्टर 8196111626294248749

एक टिप्पणी भेजें

  1. बहुत आभार आपने ख़बर को जनपद में बड़ी संख्या तक लोगों में पहुंचाया।

    जवाब देंहटाएं

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item