ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, संगठन की मजबूती पर दिया जोर
पत्रकार भवन में हुई नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मौर्य ने पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से की घोषणा; पत्रकारों के स्वास्थ्य बीमा की तैयारी की दी गई जानकारी
जौनपुर। ग्रामीण पत्रकारों की एकजुटता, सम्मान और अधिकारों की आवाज बुलंद करने के संकल्प के साथ ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की नवगठित जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पत्रकार भवन में आयोजित हुई। बैठक में जिला कार्यकारिणी के साथ सदर तहसील कार्यकारिणी की भी सर्वसम्मति से घोषणा की गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का शुभारंभ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. नीरज सोनी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह की ओर से जारी जिलाध्यक्ष के मनोनयन पत्र को पढ़कर सुनाने के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ने सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। सभी पदाधिकारियों का फूल-मालाओं और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अभिनंदन किया गया। इस दौरान मड़ियाहूं, शाहगंज, केराकत, बदलापुर और मछलीशहर से पहुंचे तहसील अध्यक्षों एवं महामंत्रियों का भी सम्मान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला संरक्षक डॉ. राम सिंगार शुक्ला गदेला ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद में एक मजबूत संगठन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने पत्रकारों को नसीहत देते हुए कहा कि पत्रकार के भीतर न तो अहम होना चाहिए और न ही वहम। अहम व्यक्ति का विनाश करता है, जबकि वहम समाज को दूषित करता है। संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अतीत की बातों को पीछे छोड़कर नई सोच और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का समय है। पुरानी बातों को वहीं छोड़कर आज से नई शुरुआत करनी चाहिए।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. नीरज सोनी ने संगठन की स्थापना से लेकर जौनपुर में इसके विस्तार और मजबूती तक की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रदेश के सभी 75 जिलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह दिन दूर नहीं जब लखनऊ में संगठन का अपना कार्यालय होगा। प्रदेश नेतृत्व पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयासरत है। इसमें कुछ तकनीकी अड़चनें आ रही हैं, जिन्हें शीघ्र दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मौर्य ने सभी तहसील अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों और पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक है। यदि इसमें किसी प्रकार की त्रुटि रह गई हो तो उसमें सुधार का अवसर दिया जाए। उन्होंने सभी के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री आशीष पांडेय ने किया।
इस अवसर पर मड़ियाहूं तहसील अध्यक्ष बृजराज चौरसिया, वीरेंद्र गुप्ता, रमाशंकर शुक्ल, शिवेंद्र प्रताप शुक्ला, भानु प्रताप सिंह, वेद प्रकाश विश्वकर्मा, चंदन जायसवाल, अरविंद पटेल, सोनू उपाध्याय, अनुराग सिन्हा, रमेश चंद्र यादव, श्याम शंकर पांडेय, सतीश चंद्र शुक्ला, संजय चौरसिया, राजकमल मिश्रा, जितेंद्र बहादुर दुबे, विनोद राजभर, कैलाश नाथ मौर्य, शुभम सेठ, शशिकांत मौर्य, राजेंद्र निषाद, सुभाष पाल, मंगला प्रसाद तिवारी, रामचंद्र नागर, चंद्रशेखर, अजीत सिंह, जावेद अहमद, विवेक सिंह, बृजेश मिश्रा, कैलाश नाथ, प्रदीप वर्मा, राममूरत यादव, शशांक शेखर, रामकेश, उपेंद्र श्रीवास्तव और अमरेंद्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

