नौ वर्ष बाद बनेंगे निर्माणाधीन पुल , धन अवमुक्त
http://www.shirazehind.com/2020/09/blog-post_266.html
जौनपुर। मुफ्तीगंज विकास खंड के वीरमपुर-भड़ेहरी घाट व मई-पसेंवा घाट के अधूरे पुल के निर्माण के लिए अब 16-16 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। निर्माण में देरी की वजह से खर्च में तकरीबन दो गुने की वृद्धि हो गई है। इन अधूरे पुलों के लिए आज शासन ने धन अवमुक्त कर दिया है। यह जानकारी डीएम दिनेश कुमार सिंह ने दिया है।
मालूम हो कि बसपा सरकार के दौरान मंत्री जगदीश नारायण राय के प्रयास से 2011 में मई-पसेंवा व वीरमपुर- भड़ेहरी घाट पर पुलों का शिलान्यास तत्कालीन कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने किया था, जिसमें वीरमपुर-भड़ेहरी घाट के लिए नौ पांवों का पुल सात करोड़ 25 लाख 89 हजार एवं पसेंवा-मई घाट पर आठ पांवों का पुल छह करोड़ 22 लाख में बनना था। इसके लिए कार्यदाई संस्था सेतु निगम को तीन-तीन करोड़ रुपया निर्गत कर दिया गया था। कार्यदाई संस्था को तीन साल के भीतर दोनों पुलों का निर्माण करना था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के चलते निर्माण कार्य रुक गया। बीच में थोड़ा-बहुत धन स्वीकृत हुआ,लेकिन मैटेरियल का दाम बढ़ने से कार्यदाई संस्था ने अपने हाथ खड़े कर दिए, और मंहगाई का रोना रोने लगे। तकरीबन नौ साल के बाद जनता की मांग पर प्रदेश सरकार ने आज धन अवमुक्त कर दिया है।
जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया है कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न जनपदों में सेतु निगम के 10 एवं लोक निर्माण विभाग के 89 सहित 99 चालू कार्यों हेतु धनराशि रुपया 10586.32 लाख (रुपए 105 करोड़ 86 लाख 32 हजार) की धनराशि अवमुक्त की गई है। अवमुक्त धनराशि में से जनपद जौनपुर के लिए रूपए1302. 81 लाख की लागत से बनने वाले ग्राम पंचायत मनहर में सई नदी थानघाट पर सेतू निर्माण हेतु 327.99 लाख, रु0 1731.23 लाख से बनने वाले धर्मपुर - जमैथा मार्ग अखरो घाट पर सेतु निर्माण हेतु रू0 170 लाख, 1596.82 लाख की लागत से बेलवा-पराउगंज मार्ग भरेहारी घाट पर निर्माणाधीन सेतु हेतु रुपए 29 लाख, रू1302.81 लाख की लागत से सई नदी पर ग्राम पंचायत मनहन थानघाट पर पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंचमार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य हेतु रुपए 91 लाख, 1663. 93 लाख की लागत से निर्माणाधीन गोमती नदी पर मऊ-तउवा-पसेवा मार्ग पर मैंघाट पर सेतु निर्माण रू 156 लाख की धनराशि अवमुक्त की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा अवमुक्त की गई इस धनराशि से जनपद में निर्माणाधीन कार्य में प्रगति आएगी उन्होंने कहा कि सरकार लगातार विकास कार्य कर रही है।