शिक्षकों को भी बनाया जाय शोध निर्देशक
https://www.shirazehind.com/2015/05/blog-post_186.html?m=0
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संकाय भवन स्थित कांफ्रेस हाल में पीएचडी कार्यक्रम के तौर-तरीकों एवं निर्देशों के पुनरावलोकन पर विश्वविद्यालय द्वारा एक शिविर का आयोजन किया गया। इसमें शोध संबंधी प्रावधानों को सुचारु रुप से सम्पादित करने के लिए 10 समूह बनाये गये थे , जिसमें विश्वविद्यालय पीएचडी अध्यादेश के अलग-अलग बिंदुओं पर यूजीसी रेगुलेशन एक्ट की परिधि में प्रभावी संशोधनों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक समूह के संयोजकों ने विचार-विमर्श के बाद समूह के सुझावों को प्रस्तुत किया। इन सुझावों पर कार्य शिविर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों से विचार आमंत्रित किये गये। सुझाव के प्रमुख बिंदुओं में स्नातक स्तर के शिक्षकों को भी शोध निर्देशक बनाया जाना, अवकाश प्राप्त शिक्षकों को पूर्वत शोध निर्देशक बने रहने देना, एमफिल को पीएचडी प्रवेश परीक्षा से छूट देने संबंधी सुझाव दिये गये। कोर्स वर्क सेंटर, शोध केंद्र, शोध प्रबंध का मूल्यांकन, शोध सलाहकार समिति, विभागीय शोध समिति आदि पर भी प्रतिभागियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिये। कार्यशिविर में आमंत्रित बाह्य विशेषज्ञ दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व डीन प्रो. वीपी सिंह, वनस्पति विज्ञान विभाग बीएचयू के प्रो. एके राय ने भी शोध की गुणवत्ता और शोध प्रक्रिया संपादित करने संबंधी सुझाव दिये। कार्य शिविर के सुझावों को विश्वविद्यालय के कुलपति को अग्रिम कार्यवाही हेतु सौंपा जाएगा। तद्नुसार नये शोध अध्यादेश की प्रक्रिया शुरु होगी। अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक प्रो. डीडी दूबे ने किया। समन्वयक प्रो. वीके सिंह एवं सहसमन्वयक डा. संगीता साहू ने कार्यशिविर की भूमिका पर प्रकाश डाला। सह संयोजक प्राचार्य डा. यूपी सिंह ने कार्यशिविर के आयोजन एवं कार्यबिंदुओं पर प्रकाश डाला। संचालन सहसंयोजक डा. राकेश सिंह ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक डा0 घनश्याम सिंह, डा0 अनिल प्रताप सिंह, डा0 देवेंद्र नाथ सिंह, डा0 बद्री नाथ सिंह, डा0 अखिलेश सिंह, डा0 राममोहन सिंह, डा0 केएन सिंह, डा0 राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, डा0 हसीन खान, डा0 ज्ञानानंद शुक्ला, डा0 बृजेंद्र सिंह, डा0 जेपीएन सिंह सहित तमाम प्रतिभागी उपस्थित रहे।

