हम अपने को सुदृढ़ बनायें व समय का सदुपयोग करेंः प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल
https://www.shirazehind.com/2015/09/blog-post_11.html?m=0
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संगोष्ठी भवन में बीटेक एवं बी.फार्मा के नवागत विद्यार्थियों के लिये कैरियर काउंसिलिंग एण्ड ओरिएण्टेशन प्रोग्राम का आयोजन हुआ जिसका शुभारम्भ विवि के पूर्व कुलपति डा. प्रेम चन्द पातंजलि एवं एमएनआईटी इलाहाबाद के प्रो. अनुज जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति डा. पातंजलि ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुये कहा कि व्यक्तित्व विकास हेतु अध्ययन पर समुचित समय देते हुये एक उत्कृष्ट वातावरण को बनाने की जरूरत है। सोशल मीडिया में युवाओं की बढ़ती दिलचस्पी पर चर्चा करते उन्होंने कहा कि इसके सकारात्मक पक्ष को अपनाने की आवश्यकता है। बतौर मुख्य वक्ता एमएनआईटी इलाहाबाद के प्रो. अनुज जैन ने कहा कि जीवन में क्यों और कैसे का बहुत बड़ा महत्व है। अपनी जिज्ञासा को सदैव जागृत रखना चाहिये। अध्यक्षीय उद्बोधन में विवि के कुलपति प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल ने कहा कि आज परिवर्तन का दौर है जो कि वैश्विक है। इसमें रहते हुये हम अपने को सुदृढ़ बनायें व समय का सदुपयोग करें। आज देश इसके लिये प्रयत्नशील है कि उसकी आने वाली पीढ़ी की शिक्षा उत्कृष्ट और बेहतर संस्थान में हो, इसलिये शिक्षा के क्षेत्र में हम अतिरिक्त क्या दे सकते हैं, इस पर बराबर चिंतन होना चाहिये। इस दौरान कुलपति प्रो. अग्रवाल ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम् भेंट कर सम्मानित किया। इसके पहले डा. मानस पाण्डेय, प्रो. एके श्रीवास्तव, डा. प्रवीण प्रकाश, डा. राजकुमार सोनी, डा. संतोष कुमार, डा. रवि प्रकाश, डा. संजीव गंगवार, धर्मेंद्र कुमार, रजनीश भाष्कर, सुरजीत कुमार एवं डा. आशुतोष सिंह ने अपना विचार व्यक्त किया। सभी आगंतुकों का स्वागत डा. आशुतोष सिंह एवं संचालन डा. एचसी पुरोहित और धन्यवाद डा. अविनाश पाथर्डिकर ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर डा. मनोज मिश्र, डा. अवध बिहारी सिंह, अमरेंद्र सिंह, शैलेष प्रजापति, अमित वत्स, एचएन यादव के अलावा बीटेक एवं बीफार्मा के तमाम छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
