रामपुर से अपहृत प्रधान पद के प्रत्याशी की इलाहाबाद में मिली लाश
https://www.shirazehind.com/2015/12/blog-post_540.html?m=0
जौनपुर। बीते बुधवार को अपहृत प्रधान पद के प्रत्याशी की गुरूवार को इलाहाबाद में लाश मिली जिसकी जानकारी होने पर जहां परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेजने के साथ ही मुकदमा दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दिया। मालूम हो कि बीते बुधवार को स्कार्पियो सवार असलहाधारी बदमाश रामपुर थाना क्षेत्र के आशापुर गांव से दुर्वेश दीक्षित पुत्र राजपति नामक युवक को अपहरण कर लिये थे। परिजन इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को दिये लेकिन थानाध्यक्ष ने उन्हें डांटकर भगा दिया। गुरुवार को पीडि़त परिवार जिला मुख्यालय आकर आरक्षी अधीक्षक से मिलकर गुहार लगाया जिस पर कप्तान के निर्देश पर जब तक रामपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई तब तक युवक मौत के घाट उतार दिया गया। परिजनों का आरोप है कि गांव का ही एक व्यक्ति बीते प्रधानी का चुनाव न लड़ने के लिये दबाव बनाया था। इसकी शिकायत थाना पुलिस को दी गयी थी। यदि थाना पुलिस सूचना पर सक्रिय हुई होती तो आज यह घटना नहीं हुई होती। फिलहाल बीते बुधवार को रामपुर क्षेत्र से अपहृत उक्त युवक की लाश आज इलाहाबाद के हंडिया क्षेत्र में मिली।

