भदोही : सरकार को दिखाया आईना , ग्रामीणों ने रखी सेतु की आधारशिला
https://www.shirazehind.com/2016/02/blog-post_777.html?m=0
भदोही । उत्तर प्रदेश के भदोही और जौनपुर जिले के गाँव वालों ने सरकार और उनके
नुमाइंदों को आइना दिखाया है । सरकार की ओर से सुनवाई न होने पर दोनों जिलों
के गाँववालों ने आवागमन की परेशानी को देखते वरुना नदी पर सेतु निर्माण का
फैसला किया है । यह नदी दोनों जिलों को बांटती है । यहाँ पुल निर्माण की बात
बहुत पहले से की जा रही है , लेकिन नेताओं की अनदेखी के बाद ग्रामीणों का जमीर
जागा और उन्होंने रविवार को वैदिक मँत्रों के बीच इसकी आधारशिला रखी । इस
दौरान दो जिलों के सीमावर्ती गाँवों के लोग मौजूद रहे ।
सेतु निर्माण सुरियावा विकासखंड के किर्तिपुर - पाण्डेयपुर घाट पर किया
जाएगा । इसकी लम्बाई 70 मीटर के लगभग होगी । इस पुल के बन जाने से दोनों जिलों
की दूरी सिमट जाएगी । इसके अलावा जंघई की दूरी भी तकरीब पाँच किमी कम हो जाएगी
। इस सेतु के बनने से जौनपुर के पाण्डेयपुर , गुरगुजी , कसेरवा , कवियाच कमसिन
और भदोही के हरीपुर , कीर्तिपुर और पुरेखुशहाल गाँव एक दूसरे से जुड़ जाएँगे ।
इसके अलवा अगर गाँव वालों का प्रयास रंग लाया तो जंघई (जौनपुर ) और अभिया
(भदोही ) की दूरी पाँच किमी कम हो जाएगी । इस वक्त तो वरुना नदी सुखी पड़ी है
लेकिन बतसात में यह दोनों जिलों के किसानों के लिए श्राप मानी जाती है । इसकी
बाढ़ फसल ले डूबती है । जिस जगह ग्रामीणों ने सेतु की आधरशिला रखी है वहाँ
बसपा की सरकार में सेतु निर्माण के लिए राज्य सेतु निगम की ओर से सर्वे भी
किया गया था , लेकिन सपा की सरकार में कुछ पता नहीँ चला । पाण्डेयपुर के
ग्रामप्रधान राकेश पांडेय ने बताया कि यह पुल दोनों जिलों के गाँवों केलिए
बेहद जरूरी है । क्योंकि दोनों जिलों के लोगों का बराबर एक दूसरे के यहाँ
आनाजाना लगा रहता है । सबसे अधिक मुशीबत बरसात में होती है जब काफी चक्कर
लगाने के बाद अभिया पहुँचना होता है । हम प्रयास करेंगे कि यहाँ पुल बन जाए
जिससे आवागमन सुगम हो जाए । आज इसकी आधारशिला दोनों जिलों के गाँव वालों की
मौजूदगी में रखी गयी । हम प्रयास करेंगे कि दोनों तरफ़ से इसे पिच से जोड़
दिया जाय । जिससे हम एक सराहनीय पहल कर सकें । निर्माण स्थल पर दानदाताओं की
ओर से ईंट गिरायी गयी है । पाण्डेयपुर गाँव से तीन ग्रामीणों की और से मिलकर
दो लाख का सहयोग दिया गया है । गुंडा पाण्डेय ने एक लाख की राशि दी है । उधर
भदोही जिले के समाजसेवी भोलानाथ शुक्ल की ओर से सेतु निर्माण की घोषणा की गयी
थी लेकिन अभी वह धरातल पर नहीँ दिखी है । लेकिन तबतक नेताओं और सरकार को आइना
दिखाते हुए गाँव वालों ने अपना मिसन शुरु कर दिया । इधर भदोही के सीमांत गाँव
हरीपुर की महिला ग्राम प्रधान महिमा मिश्रा पत्नी संतोष मिश्रा ने इसे दोनों
जिलों के ग्रामीणों का सराहनीय क़दम बताया है । उन्होंने कहा इससे दोनों जिलों
के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा । हम सरकार से गुहार लगा पुल तक पक्की सड़क
निर्माण का प्रयास करूँगी । अपने आप में यह अलग किस्म का सामजिक काम है । जिस
काम को सरकार नहीँ कर पायी उसे गाँव वालों ने कर दिखाया ।

