किसानो के लिए रामबाण है प्रधानमन्त्री फसल बीमा योजना: कृष्ण प्रताप सिंह
https://www.shirazehind.com/2016/04/blog-post_67.html?m=0
जौनपुर। भाजपा सांसद डॉ. के पी सिंह ने शुक्रवार को मुंगराबादशाहपुर विधानसभा के पंवारा,टिकरा,बरपुर, सुजानगंज बाजार समेत लगभग आधा दर्जन भर स्थानों पर आयोजित की गयी किसान चौपाल में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।किसान चौपाल को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सांसद के पी सिंह ने किसानों से प्रधानमन्त्री फसल बीमा योजना व जनधन योजना का लाभ उठाने की बात कही। फसल बीमा योजना के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि इस योजना की प्रीमियम की दर बहुत कम है जिससे किसान इसकी किस्तों का भुगतान आसानी से कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में किसान की पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है जिससे किसान को सुरक्षा देने का एक उपाय फसल बीमा योजना है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष प्राकृतिक आपदा के कारण कर्ज़ के बोझ तले दबने वाले किसानो के लिए यह योजना रामबाण साबित होगी। उन्होंने कहा की इस योजना के अंतर्गत सभी प्रकार की फसलों को शामिल किया गया है।
जनधन योजना के बारे में जागरूक करते हुए सांसद ने कहा कि इस योजना के द्वारा केंद्र सरकार आम आदमी को जीवन में वित्तीय स्थिरता प्रदान करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले ज़्यादातर लोग अपना पैसा घर पर ही रखते थे लेकिन अब वह अपना पैसा बैंक में डाल सकते हैं जो कि हर साल ब्याज के कारण बढ़ेगा भी।इस योजना के द्वारा बैंक खाता खोलना बहुत ही आसान हो गया है।इस योजना का लाभ उठाने के क्रम में देश का प्रत्येक आम आदमी देश की अर्थव्यस्था से जुड़ जायेगा।इस योजना के द्वारा सिर्फ एक पहचान सबूत से ही खाता खोलना संभव हो पायेगा साथ ही साथ यदि खाता छः माह से ज़्यादा सक्रिय है तो खाताधारक पांच हज़ार रुपये का ओवर ड्राफ्ट भी ले सकता है।
इसके साथ ही साथ सांसद श्री सिंह ने किसानों को अटल पेंशन योजना, प्रधानमन्त्री मुद्रा योजना आदि के विषय में भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रमणि तिवारी व संचालन महेंद्र विजय शुक्ल ने किया। अशोक मिश्र ने आभार व्यक्त किया।उक्त अवसर पर सतीश दुबे, जनार्दन सिंह, अच्छेलाल तिवारी,संतोष चौहान,अवधनाथ पाल,संकठा सिंह,गिरीश शर्मा, विनय सिंह , सांसद मीडिया प्रभारी प्रशान्त सिंह रिंकू समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

