Page

Pages

मंगलवार, 19 जून 2018

मासूम बच्चों के साथ भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे है गरीब महिला

जौनपुर। दबंगों की दबंगई के चलते आज एक गरीब महिला अपने मासूम बच्चों के साथ इस समय पड़ रही भीषण गर्मी व धूप में खुले आसमान के नीचे जीने को विवश है। थानाध्यक्ष सहित आरक्षी अधीक्षक, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री तक लिखित शिकायत कर चुकी लाचार महिला के अनुसार वह खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गांव निवासी राजेश गुप्ता की पत्नी प्रमिला देवी है। पति रोजी-रोटी के सिलसिले से मुम्बई में रहते हैं तथा वह यहां अपने मड़हे में 3 बच्चों के साथ रहकर अपना व बच्चों का पेट पाल रही है। घटना बीते 4 जून की शाम लगभग 7 बजे की है। वह बच्चों के साथ अपने कच्चे दीवार से बने छप्पर में थी कि तभी पड़ोसी करिया यादव, सूरज पासवान, विकास पासवान, दशरथ यादव आये और गाली देते हुये छप्पर उजाड़ते हुये दीवार गिराने लगे। जब रोकने का प्रयास किया तो वह लाठी-डण्डे से मारने लगे। शोर सुनकर जब लोग एकत्रित हुये तो वे दीवार सहित छप्पर गिराते हुये बेघर कर दिये। इतना ही नहीं, छप्पर में रखे बाक्स का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने की झाली व 10 हजार रूपये नगद उठा ले गये। घटना की सूचना 100 डायल पर दी गयी जिस पर पुलिस आयी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की और चली गयी। इसकी शिकायत थानाध्यक्ष खुटहन, आरक्षी अधीक्षक, जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक लिखित रूप से की गयी लेकिन घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी आज तक दबंगों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई। आज जहां गरीब महिला अपने मासूम बच्चों के साथ इस समय पड़ रही भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे जी रही है, वहीं दबंगों द्वारा जानमाल की बराबर धमकी भी दी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें