पानी से भरी बाल्टी में अबोध बालिका गिरी, मौत
https://www.shirazehind.com/2024/10/blog-post_436.html
मां ने बेड के सिरहाने पानी भरी बाल्टी रख रसोई में खाना बनाने चली गयी
खुटहन(जौनपुर): पिलकिछा गांव के गुप्ता बस्ती में मंगलवार की देर शाम बेड के पास रखी पानी से भरी बाल्टी में सात माह की अबोध बालिका के गिरकर डूब जाने से उसकी मौत हो गई। जीवन की आस लगाए परिजन उसे बाल्टी से निकाल आनन फानन में सीएससी ले गए। जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोते बिलखते परिजन शव घर लाए। पिलकिछा घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव निवासी राकेश गुप्ता की 7 माह की बच्ची शाम लगभग आठ बजे बेड पर सो रही थी। उसकी मां चंदा देवी बेड के बगल किसी काम से एक बाल्टी पानी रख रसोई में खाना बनाने चली गई। कुछ देर बाद वापस आई तो देखा कि बच्ची पास में रखे पानी से भरी बाल्टी में गिरी पड़ी थी। उसका शरीर शांत पड़ा हुआ था। उपचार हेतु उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
