आरोप: मुझे संदेह है कि एक माह पहले हुई मारपीट की वजह से ही मेरे पुत्र की हुई मौत
https://www.shirazehind.com/2024/11/blog-post_48.html?m=0
तरियारी में तनाव को देखते हुये एएसपी समेत पूरा पुलिस बल रहा मौजूद
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के तरियारी गांव में उस समय तनाव का माहौल हो गया जब एक माह पूर्व हुई मारपीट में घायल युवक की शुक्रवार की सुबह मौत हो गयी। मौत की खबर होते ही परिवार कोहराम मचने के साथ ही गांव में तनाव का माहौल बन गया जिसकी जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द वर्मा, क्षेत्राधिकारी अजीत रजक, प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच—पड़ताल में जुट गये। मृतक की माता मैना देवी का आरोप है कि मुझे संदेह है कि एक माह पूर्व हुई मारपीट में घायल होने की वजह से ही मेरे पुत्र की मौत हुई है जिसकी पोस्टमार्टम कर मामले में कार्यवाही की जाय। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेज विपक्षी के घर से दो महिला को थाने लाकर पूछताछ में जुट गयी। इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने कहा कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। हालांकि एक माह पूर्व हुये मामले में मुकदमा पंजीकृत किया जा चुका है।
क्या है पूरा मामला
क्षेत्र तरियारी गांव निवासी मृतक सुनील कुमार पुत्र मिठाई लाल एक माह पूर्व मजदूरी कर रात्रि अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही पोखरे के पास पहुंचा कि शौच लग गयी। इसके बाद मृतक शौच कर वापस लौट रहा था कि रास्ते में गांव के ही राजा व सुड्डू पुत्र चौथी दुर्गा पूजा देखने की जिद्द करने लगे। मृतक ने दुर्गा पूजा देखने जाने से मना किया तो उपरोक्त लोगों ने लात—घूंसों से मारने-पीटने लगे। मरा समझ उपरोक्त लोग मौके से फरार हो गये। घटना की जानकारी होते ही परिजन घायल को निजी अस्पताल लाकर उपचार कराया। तत्पश्चात कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी देते हुए नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगायी। पुलिस पीड़ित के तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही में जुट गयी।
.jpg)
