Page

Pages

गुरुवार, 14 अगस्त 2025

रामपुर में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, लोगों ने थामा तिरंगा

रामपुर, जौनपुर। आजादी के अमृत महोत्सव पर गुरुवार को रामपुर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ब्लाक प्रमुख राहुल सिंह एवं खण्ड विकास अधिकारी अभिनव सरोज के नेतृत्व में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद रहे।

यात्रा से पहले जिलाधिकारी ने ब्लाक परिसर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर तिरंगे को सलामी दी और उपस्थित लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जौनपुर ध्रुव खाड़िया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में 5 हजार से अधिक महिलाएं, पुरुष और स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा थामे, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारे लगाते हुए शामिल हुए। यह ऐतिहासिक यात्रा रामपुर वाल्थर डिग्री कॉलेज से प्रारंभ होकर पूरे बाजार से होते हुए ब्लॉक रामपुर में सम्पन्न हुई। लगभग 2 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला में लहराता तिरंगा पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंगता नजर आया।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सभी समुदायों को जोड़ने और एकता का संदेश देने का प्रतीक है। यात्रा में उपजिलाधिकारी सुनील भारती, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात यादव, खण्ड शिक्षा अधिकारी अश्वनी सिंह, सहायक पंचायत अधिकारी अवध नारायण गौतम,अभय सरोज, आकाश यादव, राजकुमार सरोज, धर्मेंद्र कुमार, राम बहादुर सचिव समस्त ग्राम पंचायत सचिव, राकेश उपाध्याय पप्पू निरंजन उपाध्याय प्रधान, शरद उपाध्याय एवं ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।
ब्लाक प्रमुख राहुल सिंह ने उमड़े जनसैलाब के प्रति आभार जताते हुए कहा, "जब हाथों में तिरंगा और दिल में देश का प्रेम हो तो कोई भी ताकत हमारी एकता को तोड़ नहीं सकती।" खण्ड विकास अधिकारी अभिनव सरोज ने भी भावुक होते हुए कहा, "आज रामपुर में जो दृश्य देखने को मिला, वह पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। यह केवल तिरंगा यात्रा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम का संदेश देने वाला ऐतिहासिक अवसर है।"

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें