मूल्यांकन केंद्रों पर अव्यवस्थाओं को लेकर शिक्षकों में नाराजगी, जीपीएफ स्थानांतरण तेज करने की मांग
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर पालिका इंटर कॉलेज जौनपुर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान व्यवस्था न होने पर शिक्षकों ने नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था वाले केंद्रों को मूल्यांकन केंद्र न बनाया जाए।
प्रांतीय उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने नवीन पेंशन योजना से पुरानी पेंशन योजना में शिक्षकों की कटौती की धनराशि को उनके जीपीएफ खातों में स्थानांतरण की प्रक्रिया को तेज करने की मांग की। साथ ही बचे हुए विद्यालयों की पत्रावलियों को शीघ्र भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन इस कार्य को 31 मार्च तक पूर्ण कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को पहले ही चेतावनी व ज्ञापन दे चुका है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन एवं जीपीएफ पत्रावलियों को शत-प्रतिशत भेजने के लिए विद्यालयों को पुनः निर्देशित करने हेतु वह जल्द ही डीआईओएस जौनपुर से मुलाकात करेंगे।
आगामी शैक्षिक सत्र के सदस्यता अभियान को लेकर भी बैठक में रणनीति तय की गई। विभिन्न तहसीलों में जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर नरेंद्र बहादुर सिंह, दिनेश चक्रवर्ती, राम प्रकाश सिंह, राम प्रताप, अखिलेश सिंह, प्रवीण कुमार पांडे, विजय सिंह यादव, दया शंकर सिंह, डॉ. सुनील सिंह, वीरेंद्र भारती, सुदीप राय, अखिलेश चंद, हरिमान, आलोक श्रीवास्तव, संदीप सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य शिक्षकों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना रहा।

