मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान राशि हड़पने का आरोप, डीएम को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई, जौनपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान मद की धनराशि में अनियमितता को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश संरक्षक रमेश सिंह ने बताया कि सचिव माध्यमिक शिक्षा के आदेशानुसार जनपद के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 1 अप्रैल तक चल रहा है। बोर्ड सचिव द्वारा प्रत्येक परीक्षक के लिए प्रतिदिन 25 रुपये जलपान की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है, लेकिन किसी भी केंद्र पर जलपान की व्यवस्था नहीं की गई। यहां तक कि शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं कराया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद के पांचों केंद्रों पर लगभग 4000 परीक्षक कार्यरत हैं और 12 दिनों की अवधि में प्रति परीक्षक 25 रुपये के हिसाब से करीब 12 लाख रुपये की धनराशि केंद्रों द्वारा हड़प ली जा रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों का इस प्रकार का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष तेरस यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने मांग की कि जलपान मद की यह धनराशि मूल्यांकन पारिश्रमिक के साथ प्रत्येक परीक्षक के खाते में स्थानांतरित कराई जाए।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाराजगी व्यक्त की और मुख्य कोषाधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने से पूर्व जिलाध्यक्ष तेरस यादव एवं उपाध्यक्ष राजेश सिंह द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को भी पूरे प्रकरण से अवगत कराया जा चुका है।
इस दौरान कोषाध्यक्ष हसन सईद, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, बृजेश सिंह सहित अन्य शिक्षक नेता उपस्थित रहे।

