“जौनपुर का टीडी इंटर कॉलेज बना हाईटेक: अब इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई, कॉन्वेंट स्कूलों को दे रहा टक्कर”

जौनपुर। इंग्लिश मीडियम में शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले गरीब एवं मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के टीडी इंटर कॉलेज में नए सत्र से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। कॉलेज प्रशासन का दावा है कि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए इसे कॉन्वेंट स्कूलों के स्तर का बनाया गया है।

यह जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य डॉ. सत्यप्रकाश सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के बाद अपनी सेवाएं प्राप्त की हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान विद्यालय में कराए गए विकास कार्यों और सुविधाओं के विस्तार की विस्तृत जानकारी दी गई। बालिका भवन में छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुरुष सुरक्षा गार्ड की दिन की पाली में तैनाती की गई है। इसके साथ ही डीलक्स शौचालय, इंटरलॉकिंग कार्य एवं हरे-भरे लॉन का निर्माण कराया गया है। परिसर में 15 केवी जनरेटर, सबमर्सिबल पंप और शुद्ध पेयजल के लिए आरओ सिस्टम भी स्थापित किया गया है।

छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालय परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर मैदान को पुनः उपयोग में लाया गया है। कक्षाओं में पंखों की संख्या बढ़ाई गई है तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्केटिंग, बॉक्सिंग और मल्लखंभ के कोर्ट एवं प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है। बालिका भवन में हाई मास्क लाइट भी लगाई गई है।

मुख्य भवन में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत छात्रों को गुणवत्तापूर्ण नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्यालय के मुख्य द्वार पर ग्लो-शाइन बोर्ड लगाया गया है तथा बाउंड्री वॉल पर राष्ट्रभक्ति से प्रेरित शैक्षिक वाल पेंटिंग कराई गई है। संस्थापक की प्रतिमा स्थल पर मंदिर निर्माण एवं शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए वाहन पार्किंग की सुविधा भी विकसित की गई है।

विद्यालय में प्रधानाचार्य कक्ष का सुदृढ़ीकरण, अत्याधुनिक प्रयोगशाला का निर्माण, तालाब का विकास, पोर्टिको में ग्रेनाइट पत्थर, वाटर कूलर की व्यवस्था तथा मार्कण्डेय सिंह सभागार तक पहुंच के लिए नई सीढ़ियों का निर्माण भी कराया गया है।

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कंप्यूटर कक्ष, स्टाफ रूम, जीव विज्ञान विभाग एवं कार्यालय को सुदृढ़ किया गया है तथा पुस्तकालय को पुनर्गठित कर संचालित किया जा रहा है। दोनों भवनों में सीसीटीवी कैमरे और बड़े मॉनिटर लगाए गए हैं।

प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 6 से 11 तक अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई का सफल संचालन किया जा रहा है। साथ ही प्रतिदिन संस्कारयुक्त प्रार्थना सभा आयोजित होती है, जिसमें गायत्री मंत्र, राष्ट्रगान और प्रेरक प्रसंग शामिल होते हैं। प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाता है।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन सभी प्रयासों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।




Related

JAUNPUR 1893620629313647162

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item